राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर प्रारंभ

राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर प्रारंभ

इन्हे भी जरूर देखे

राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर प्रारंभ

छुरा–:–शासकीय कचना धुरवा महाविद्यालय, छुरा (जिला–गरियाबंद) द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ ग्राम अमलोर, विकासखंड छुरा में किया गया। यह शिविर “नशा मुक्त समाज के लिए युवा” विषय पर 17 जनवरी 2026 से 23 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री रूप सिंह साहू ने कहा कि वे अपने महाविद्यालयीन जीवन में स्वयं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक रह चुके हैं। उन्होंने युवाओं से समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि एनएसएस जैसे शिविर युवाओं में सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं और ग्रामीण समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य श्री सी. एच. पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि सात दिवसीय विशेष शिविर के माध्यम से महाविद्यालय और ग्राम अमलोर के निवासियों के बीच आपसी सहभागिता और सहयोग की भावना सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान बच्चों एवं ग्रामीणों के साथ शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद तथा नैतिक मूल्यों से जुड़ी गतिविधियाँ कराई जाएँगी, जिससे समाज में सकारात्मक सोच का विकास होगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनीत कुमार साहू ने शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि सात दिनों तक नशा उन्मूलन एवं जागरूकता रैली, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एवं योग जागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियाँ, सामाजिक कुरीतियों पर संवाद, व्यक्तित्व विकास सत्र तथा ग्रामीण समस्याओं पर जनसंवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्राम अमलोर के सरपंच श्री एकनाथ राम ध्रुव एवं उपसरपंच श्री दशरथ बेरसा ने अपने उद्बोधन में गांव में एनएसएस शिविर लगने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ग्राम में इस प्रकार के शिविर आयोजित होने से ग्रामीणों और विशेषकर बच्चों व युवाओं को जागरूक होने का अवसर मिलता है। दोनों जनप्रतिनिधियों ने स्वयंसेवकों के प्रति अपनापन जताते हुए उन्हें परिवार का सदस्य बताया और शिविर अवधि में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में समाजसेवी श्री शीतल ध्रुव ने भी अपने विचार रखते हुए ग्रामवासियों को नशा मुक्ति, स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता के लिए प्रेरित किया तथा युवाओं से समाज में फैली बुराइयों के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में ग्रामीण अध्यक्ष श्री गंगाराम पाण्डे, ग्राम पंचायत पदाधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला मंडल, युवा दल सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के लगभग 50 स्वयंसेवक उपस्थित थे। अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सात दिवसीय विशेष शिविर के सफल आयोजन की कामना की गई।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इन्हे भी जरूर देखे

Must Read