राम मंदिर में चढ़ावा चोरी और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता आयोजित

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता आयोजित

इन्हे भी जरूर देखे

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता आयोजित

गरियाबंद–:–16 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार श्रीराम मंदिर अयोध्या में चढ़ावा चोरी एवं कथित वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा सभी जिला मुख्यालयों में पत्रकार वार्ता के लिए वरिष्ठ नेताओं की सूची जारी की गई थी। इसी क्रम में गरियाबंद जिले के प्रभारी के रूप में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्मृति ठाकुर को नियुक्त किया गया, जिन्होंने स्थानीय पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए इस पूरे प्रकरण को करोड़ों रामभक्तों की आस्था और विश्वास से जुड़ा गंभीर विषय बताया।

स्मृति ठाकुर ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति और नैतिक चेतना के प्रतीक हैं। देश के गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं और श्रद्धालु अपनी मेहनत की कमाई, गहने, बचत और अटूट श्रद्धा के साथ राम मंदिर निर्माण के लिए आगे आए थे। भाजपा, आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और संघ परिवार के संगठनों ने वर्षों तक भगवान राम के नाम पर राजनीति करते हुए जनता से चंदा एकत्र किया और इसी आंदोलन के आधार पर सत्ता तक पहुंचे।

उन्होंने आरोप लगाया कि आज वही करोड़ों रामभक्त यह पूछने को मजबूर हैं कि भगवान राम के नाम पर जुटाया गया चंदा और मंदिर में चढ़ाया गया चढ़ावा आखिर किसके संरक्षण में कथित रूप से गायब हुआ? यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और भावनाओं के साथ विश्वासघात है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण के दौरान एकत्रित चंदे को लेकर पहले भी सवाल उठे थे और अब मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। पार्टी का कहना है कि देवद्रव्य की चोरी जैसे महापाप को संरक्षण देने वालों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। कांग्रेस ने यह भी कहा कि ट्रस्ट के गठन और उसकी प्रशासनिक व्यवस्था में केंद्र सरकार की भूमिका रही है, इसलिए नैतिक जवाबदेही से बचा नहीं जा सकता।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने तीन प्रमुख सवाल उठाए—

1. जब ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री की देखरेख में हुआ, तो इस कथित घोटाले की जवाबदेही कौन लेगा?
2. यदि सब कुछ सामान्य था, तो ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे क्यों हुए?
3. यदि कोई गड़बड़ी नहीं हुई, तो सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच से डर किस बात का है?

कांग्रेस ने दावा किया कि अब तक सामने आए तथ्यों के अनुसार ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों के इस्तीफे, बड़े आयोजनों में हुए खर्च, नकद चढ़ावे, कथित फर्जी रसीदों, लेखा-जोखा में अनियमितताओं तथा छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई लेकिन शीर्ष स्तर पर जवाबदेही तय न होने जैसे कई गंभीर प्रश्न सामने आए हैं। पार्टी का कहना है कि केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर मामले की लीपापोती नहीं की जा सकती।

इस अवसर पर कांग्रेस ने निम्नलिखित मांगें रखीं—

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे मामले पर देश के सामने जवाब दें।
चंपत राय, अनिल मिश्रा तथा कथित रूप से शामिल सभी प्रभावशाली व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।
पूरे प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग कर धर्माचार्यों, प्रतिष्ठित नागरिकों, प्रशासनिक विशेषज्ञों एवं स्वतंत्र सदस्यों का नया पारदर्शी और जवाबदेह ट्रस्ट गठित किया जाए।
राम मंदिर के लिए प्राप्त समस्त चंदे, चढ़ावे, भूमि खरीद, आयोजनों एवं व्ययों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था के केंद्र हैं। भगवान राम के नाम पर जुटाए गए धन में यदि किसी प्रकार की कथित अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा किया जाना चाहिए।

पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से – स्मृति ठाकुर प्रभारी पत्रकार वार्ता
गरियाबंद , सुखचंद बेसरा अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी, मंजू ध्रुव अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ, रमेश शर्मा , माहेश्वरी शाह, छगन यादव,अवधेश प्रधान,अमित मीरी,श्रद्धा राजपूत चमन साहू ,सुरेखा नागेश,खिलेश्वरी ध्रुव,राजकुमारी सोनी ,दीप्ति यादव, मंजू देवांगन,यामीन खान, संदीप सरकार,उमेश डोंगरे,अवधराम यादव ,मुकुंद कुकरेजा ,योगेश बघेल,परमजीत कौर,निशु बघेल,सतीश साहू,भूपेश बघेल,पंकज बीसी मौजूद रहे

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इन्हे भी जरूर देखे

Must Read