[gtranslate]

रायपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी नई ऊंचाई, आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लोकार्पण में पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, CSTA महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने किया अभिवादन

रायपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी नई ऊंचाई, आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लोकार्पण में पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, CSTA महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने किया अभिवादन

इन्हे भी जरूर देखे

✍️ लोकहित 24 न्यूज़ संवाददाता विक्रम कुमार नागेश की रिपोर्ट गरियाबंद छत्तीसगढ़ 

रायपुर _छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में मंगलवार को एक नई शुरुआत हुई। पंडरी स्थित 300 बेड वाले आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल का लोकार्पण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होने रायपुर पहुंचे अमित शाह इस अवसर पर विशेष रूप से मौजूद रहे।

लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक धरमलाल कौशिक, छत्तीसगढ़ स्टेट टेनिस संघ के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु द्विवेदी और छत्तीसगढ़ टेनिस संघ (CSTA) के महासचिव एवं ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, गौरीशंकर अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, नरेश चंद्र गुप्ता, गोवर्धन खंडेलवाल सहित कई प्रमुख हस्तियां और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस दौरान CSTA महासचिव होरा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का अभिवादन किया।

श्री होरा ने कमलेश अग्रवाल को दी बधाई

ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा ने आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के संचालक कमलेश अग्रवाल को अस्पताल के शुभारंभ पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रायपुर की जरूरतों को देखते हुए इतने आधुनिक अस्पताल का निर्माण होना बेहद सौभाग्य की बात है। इसका उद्घाटन देश के यशस्वी गृह मंत्री अमित शाह के हाथों होना भी गौरव का विषय है। कमलेश अग्रवाल उनके मित्र होने के साथ ही समाज के लिए सकारात्मक सोच रखने वाले व्यक्ति हैं। वे समाज की जरूरतों को समझकर ऐसे कार्य करते हैं, जिनसे लोगों को लाभ मिले और समाज आगे बढ़े। होरा ने अस्पताल के सफल संचालन और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी को उद्घाटन समारोह की शुभकामनाएं दीं।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे शहरों की निर्भरता होगी कम – कमलेश अग्रवाल

अस्पताल के डायरेक्टर कमलेश अग्रवाल ने कहा कि अब तक रायपुर और छत्तीसगढ़ के कई परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को घर से दूर रहने, अधिक खर्च और लंबे इंतजार जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल की शुरुआत इसी दूरी को कम करने के उद्देश्य से की गई है।

उन्होंने बताया कि 300 बेड वाले इस अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोसाइंसेज, ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और क्रिटिकल केयर जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, उन्नत जांच सुविधाएं और 24 घंटे इमरजेंसी सेवा भी मिलेगी। अनुभवी डॉक्टरों और नर्सिंग टीम के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार और संवेदनशील देखभाल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

रायपुर में ही मिलेंगी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं : धरमलाल कौशिक

समारोह में भाजपा नेता एवं विधायक धरमलाल कौशिक ने भी अस्पताल की शुरुआत को रायपुर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि राजधानी की स्वास्थ्य सुविधाओं की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए इतने बड़े अस्पताल का निर्माण सराहनीय कदम है। इससे प्रदेश के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों और विदेशों तक जाने की जरूरत कम होगी। स्थानीय स्तर पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से आम और सामान्य वर्ग के मरीजों को भी काफी लाभ मिलेगा।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के तीन दिवसीय आयोजन के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने रायपुर पहुंचे हैं। अपने प्रवास के दौरान वे नवा रायपुर स्थित ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का लोकार्पण भी करेंगे। इसके बाद नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे और राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे।

प्रदेश की हस्तियों को मिलेगा राज्य अलंकरण सम्मान

राज्योत्सव के समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों (कला, संस्कृति, समाजसेवा और खेल) में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को ‘राज्य अलंकरण सम्मान’ से नवाजा जाएगा।

लोक कला और अभिजीत भट्टाचार्य के गानों से सजेगी शाम

समापन समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और संगीत का रंगारंग मंच सजेगा। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत का जादू बिखेरेंगे। पद्मश्री उषा बारले अपनी प्रसिद्ध पंडवानी शैली से दर्शकों का मन मोहेंगी। रात 9 बजे के बाद मशहूर पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य की धमाकेदार म्यूजिकल परफॉर्मेंस होगी।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इन्हे भी जरूर देखे

Must Read